सुपौल: राघोपुर के विशनपुर दौलत में भीषण अगलगी, पांच परिवारों के छह घर जलकर राख, लाखों की संपत्ति नष्ट

सुपौल जिले के राघोपुर क्षेत्र में मंगलवार रात लगी आग से पांच परिवार प्रभावित हुए। आग पर काबू पाने के बाद प्रशासन ने राहत कार्य शुरू किया।

Report: A.K Chaudhary

जिले के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के विशनपुर दौलत पंचायत स्थित वार्ड संख्या 11 में मंगलवार की रात करीब 9 बजे भीषण अगलगी की घटना में पांच परिवारों के छह घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और राघोपुर थाना एवं दमकल विभाग को सूचना दी। राघोपुर थाना पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची जिसके बाद दमकल की टीम और ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, अन्यथा नुकसान और भी बढ़ सकता था।

स्थानीय लोगों के अनुसार आग घूर से लगी और देखते ही देखते आसपास के घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि छह घर पूरी तरह जल गए और घरों में रखा अधिकांश सामान राख में तब्दील हो गया।

पीड़ित गृहस्वामी नीरज कुमार सिंह, लाल बहादुर सिंह, टुनटुन कुमार, श्यामसुंदर सिंह और प्रकाश सिंह ने बताया कि घटना के समय सभी लोग घर में सो रहे थे। अचानक आग लगने की सूचना मिलने पर अफरा-तफरी मच गई और किसी तरह जान बचाकर बाहर निकले। उन्होंने बताया कि इस अगलगी में घर में रखा चावल, गेहूं, धान, कपड़े, जेवर, ट्रंक, बक्सा, जमीन से जुड़े कागजात, अन्य जरूरी दस्तावेज और नकद राशि सहित भारी मात्रा में घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। पीड़ितों के अनुसार करीब 10 लाख रुपये की क्षति हुई है और उनके पास अब शरीर पर पहने कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा है।

घटना की सूचना मिलने पर प्रशासनिक स्तर पर भी पहल शुरू की गई। अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया ने बताया कि प्रभावित परिवारों को तत्काल प्लास्टिक शीट सहित अन्य राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों से आवेदन प्राप्त होने के बाद सरकारी प्रावधानों के तहत आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment