सुपौल में भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से यात्री बस पलटी, दो दर्जन से अधिक घायल, 8 गंभीर रेफर

सुपौल के निर्मली थाना क्षेत्र में NH-27 पर गुरुवार सुबह ट्रक और बस की टक्कर में यात्री बस पलट गई। हादसे में दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें 8 की हालत गंभीर है और उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।

Report: A.K Chaudhary

बिहार के सुपौल जिले में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें यात्रियों से भरी बस और तेज रफ्तार ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (NH-27) पर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह दुर्घटना निर्मली थाना क्षेत्र के हरियाही के पास हुई।

दुर्घनाग्रस्त बस

जानकारी के अनुसार, पटना से उदाकिशुनगंज जा रही बस में करीब 40 से अधिक यात्री सवार थे। इसी दौरान ओवरटेक करने के प्रयास में एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी, जिससे बस पलट गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बस से बाहर निकाला।

अस्पताल में भर्ती यात्री

सूचना मिलते ही निर्मली थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, करीब 8 यात्रियों की हालत गंभीर है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में ही चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार इस हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारू कराया।

Leave a Comment