न्यू जलपाईगुड़ी–अमृतसर अमृत भारत एक्सप्रेस पहली बार राघोपुर स्टेशन पहुंची, यात्रियों में दिखा उत्साह

राघोपुर रेलवे स्टेशन पर पहली बार अमृत भारत एक्सप्रेस के पहुंचने से क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। यात्रियों और स्थानीय लोगों ने इसे कोसी, सीमांचल और मिथिला क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताते हुए भारतीय रेल के प्रति आभार व्यक्त किया।

Report: A.K Chaudhary

न्यू जलपाईगुड़ी से चलकर अमृतसर जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस का पहली बार राघोपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर क्षेत्र के लोगों और यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही यात्रियों एवं स्थानीय लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए रेल प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया।

राघोपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस

रेलवे द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार गाड़ी संख्या 14664 अमृतसर–न्यू जलपाईगुड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए चलेगी, जबकि गाड़ी संख्या 14663 न्यू जलपाईगुड़ी–अमृतसर अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को न्यू जलपाईगुड़ी से अमृतसर के लिए चलेगी।

यह ट्रेन लुधियाना, अंबाला कैंट, मुरादाबाद, गोंडा, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो (दरभंगा), सकरी, झंझारपुर, निर्मली, सरायगढ़, राघोपुर, नरपतगंज, फारबिसगंज, अररिया, ठाकुरगंज, बागडोगरा, सिलीगुड़ी होकर संचालित की जा रही है।

राघोपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस

इस नई ट्रेन सेवा को सीमांचल, कोसी और मिथिला क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। अब राघोपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को अमृतसर, गोरखपुर, सिलीगुड़ी सहित उत्तर भारत के कई महत्वपूर्ण शहरों तक सीधी रेल सुविधा उपलब्ध हो गई है।

यात्रियों ने बताया कि पहले लंबी दूरी की यात्रा के लिए उन्हें दूसरे बड़े स्टेशनों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब अपने क्षेत्र से ही आधुनिक सुविधाओं वाली ट्रेन मिलने से यात्रा काफी आसान हो जाएगी। ट्रेन में बेहतर सीटिंग व्यवस्था, आधुनिक कोच एवं यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है।

स्थानीय लोगों ने कहा कि लंबे समय से इस क्षेत्र में लंबी दूरी की ट्रेनों की मांग की जा रही थी। अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन से न केवल यात्रियों को लाभ मिलेगा, बल्कि क्षेत्र के व्यापार, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।

लोगों ने रेलवे प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में इस मार्ग पर और भी नई ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जाएगा तथा राघोपुर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार होगा।

Leave a Comment