Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के रतनपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में जदयू नेता और किराना व्यवसायी मनोज कुमार की मौत हो गई। यह हादसा एनएच-131 स्थित नई बाजार रतनपुर के पास उस समय हुआ, जब नेपाल से शराब लेकर भाग रहे तस्करों की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर उन्हें कुचलते हुए निकल गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिवार और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश देखा गया।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि नेपाल सीमा से भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप सुपौल जिले की ओर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम संदिग्ध वाहन का पीछा कर रही थी। इसी दौरान शराब तस्करों की होंडा सिटी कार (HR-26BX 6782) तेज गति में रतनपुरा क्षेत्र से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि कार चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन पहले सड़क पर चल रहे एक ट्रैक्टर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका अगला चक्का टूट गया।
ट्रैक्टर से टकराने के बाद भी कार नहीं रुकी और सड़क किनारे जा रहे मनोज कुमार को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा बेहद भयावह था। स्थानीय लोगों ने तुरंत गंभीर रूप से घायल मनोज कुमार को राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन स्थिति लगातार गंभीर बनी रही। उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी की जा रही थी, तभी इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मनोज कुमार गुरुवार सुबह अपनी पोती को स्कूल छोड़ने के बाद रतनपुरा चौक स्थित अपनी किराना दुकान खोलने जा रहे थे। उसी दौरान यह हादसा हो गया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी पुष्पा कुमारी रतनपुर वार्ड-5 में आंगनबाड़ी सेविका के रूप में कार्यरत हैं। घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल और घटनास्थल पर जुट गए।
इधर, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शराब तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा। गिरफ्तार आरोपियों के पास से नेपाल ब्रांड की 1050 बोतल देसी शराब बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि शराब की यह खेप नेपाल के लाही क्षेत्र से लाई जा रही थी और सिमराही इलाके में इसकी डिलीवरी की जानी थी।
रतनपुर थानाध्यक्ष पिंटू कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।







