Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र में सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर वीरपुर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) नीरज कुमार ने गुरुवार को करजाईन सहित विभिन्न पंचायतों के आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों में विभिन्न प्रकार की खामियां सामने आईं, जिस पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के बाद एसडीएम राघोपुर प्रखंड कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े अधिकारियों और कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उन्हें जल्द से जल्द दूर करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही एसडीएम ने 2 जून को प्रखंड के चार पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदनों की जांच करते हुए अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान पारदर्शी और प्रभावी तरीके से हो, इसलिए प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से जांच कर उसका उचित निपटारा किया जाए।
प्रखंड कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए एसडीएम नीरज कुमार ने बताया कि करजाईन समेत कई पंचायतों के आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया है। निरीक्षण के दौरान जो भी कमियां पाई गई हैं, उनकी रिपोर्ट तैयार कर वरीय अधिकारियों को भेजी जाएगी ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण निष्पादन को लेकर प्रखंड कार्यालय में सभी विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का वास्तविक लाभ समय पर मिल सके।
मौके पर बीडीओ सत्येंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।







