पांच साल से फरार शराब तस्करी का आरोपी गिरफ्तार, 2600 लीटर अंग्रेजी शराब बरामदगी मामले में कार्रवाई

राघोपुर थाना पुलिस ने वर्ष 2021 के 2600 लीटर अंग्रेजी शराब बरामदगी मामले में पांच वर्षों से फरार चल रहे नामजद आरोपी को मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना पुलिस ने वर्ष 2021 में 2600 लीटर अंग्रेजी शराब बरामदगी मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को मुजफ्फरपुर जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए राघोपुर लाया गया है।

थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि वर्ष 2021 में किसान चौक के समीप एनएच-106 पर पुलिस ने एक ट्रक से करीब 2600 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की थी। इस कार्रवाई के दौरान सात लोगों को मौके से गिरफ्तार किया गया था, जबकि मामले में नामजद कुछ अन्य आरोपियों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इनमें से दो आरोपियों ने बाद में न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था, लेकिन एक आरोपी लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर था।

पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के खरिका गांव निवासी 30 वर्षीय ललन कुमार उर्फ लालबाबू के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसके पैतृक गांव में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

रविवार सुबह आरोपी को राघोपुर थाना लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। इस कार्रवाई में अनुसंधानकर्ता अमिया प्रशुन, एएसआई सुधीर कुमार सिंह एवं पुलिस बल के अन्य जवान शामिल रहे।

थानाध्यक्ष ने कहा कि शराब तस्करी से जुड़े मामलों में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment

[democracy id="1"]