सुपौल: स्टेयरिंग फेल होने से ट्रक ने सीटी रिक्शा को मारी टक्कर, चालक समेत तीन घायल

सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र स्थित सिमराही एनएच-27 पर धर्मपट्टी क्रॉसिंग के समीप स्टेयरिंग फेल होने से बेकाबू ट्रक ने सीटी रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में चालक समेत तीन लोग घायल हो गए, जबकि ग्रामीणों ने ट्रक और उसके चालक को पकड़ लिया।

Report: A.k Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही स्थित एनएच-27 पर धर्मपट्टी क्रॉसिंग के समीप रविवार को एक सड़क हादसे में सीटी रिक्शा चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि तेज गति से आ रहे ट्रक का स्टेयरिंग अचानक खराब हो गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सामने चल रहे सीटी रिक्शा से टकरा गया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि रिक्शा सड़क से करीब 10 फीट नीचे जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घायलों में भपटियाही थाना क्षेत्र के गड़िया वार्ड-8 की जोशी देवी (28), नारायणपुर वार्ड-8 की विमला देवी तथा किशनपुर थाना क्षेत्र के थरबिट्टा वार्ड-6 निवासी सीटी रिक्शा चालक बिनोद यादव (34) शामिल हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटनास्थल पर टूटे हुए शीशे बिखरे पड़े थे और वाहन पर खून के निशान भी दिखाई दे रहे थे, जिससे टक्कर की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

घायल महिलाओं ने बताया कि वे सीटी रिक्शा से गठिया से सिमराही की ओर जा रही थीं। इसी दौरान धर्मपट्टी क्रॉसिंग के पास पीछे से आए ट्रक ने रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने ट्रक (पंजीकरण संख्या PB-04 AA-6281) और उसके चालक को मौके पर ही रोक लिया। चालक सोजिनंदर ने बताया कि वाहन का स्टेयरिंग अचानक काम करना बंद कर गया था, जिसके कारण दुर्घटना हो गई।

राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि मामले में आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

[democracy id="1"]