Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत धरहारा स्थित प्रसिद्ध बाबा भीमशंकर मंदिर में सावन की सोमवारी को उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम जलाभिषेक और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर शनिवार को मंदिर परिसर स्थित धर्मशाला में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वीरपुर एसडीएम सह मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष विनय कुमार ने की।

बैठक में डीएसपी सुरेंद्र कुमार, डीसीएलआर मृत्युंजय कुमार, बीडीओ सत्येंद्र कुमार, राघोपुर अंचलाधिकारी सह मंदिर न्यास समिति की उपाध्यक्ष रश्मि प्रिया, आरओ आकांक्षा कुमारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ दीपनारायण राम सहित सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान सभी अधिकारियों को उनके कार्यस्थल की जानकारी देते हुए सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन तथा आपात स्थिति से निपटने के संबंध में विस्तार से दिशा-निर्देश दिए गए।
सभी अधिकारियों को सौंपा गया दायित्व
मीडिया से बातचीत करते हुए एसडीएम सह मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि ब्रीफिंग बैठक के माध्यम से सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को उनके कार्यस्थल की जानकारी दी गई है। साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि ड्यूटी के दौरान किस प्रकार श्रद्धालुओं को सुविधा उपलब्ध करानी है तथा किसी भी स्थिति में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्या-क्या जिम्मेदारियां निभानी होंगी। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी प्रशासन द्वारा की गई नई व्यवस्थाओं का सहयोग करने की अपील की।

हर ड्रॉप गेट पर रहेगी कड़ी सुरक्षा
डीएसपी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सावन की सोमवारी को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर के सभी ड्रॉप गेट एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जा सके।

सभी प्रमुख मार्गों पर की गई बैरिकेडिंग
अंचलाधिकारी सह मंदिर न्यास समिति की उपाध्यक्ष रश्मि प्रिया ने बताया कि इस बार बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर आने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर व्यापक रूप से बैरिकेडिंग की गई है। उन्होंने बताया कि गणपतगंज बाजार में मंदिर के मुख्य सड़क पर बैरिकेडिंग की गई है। इसी मार्ग में नहर पुल तथा तिमोर के पास भी बैरिकेडिंग की गई है। गद्दी की ओर से आने वाले मार्ग पर पेट्रोल पंप के समीप बैरिकेडिंग लगाई गई है। केएन डिग्री कॉलेज के सामने से आने वाले मार्ग पर भी कॉलेज के पास बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा किसान चौक की ओर से आने वाले मार्ग पर किसान चौक पुल के समीप तथा धरहारा स्थित राम जानकी ठाकुरबाड़ी के पास बैरिकेडिंग की गई है। डुमरी की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सरकारी पोखर के पास तथा पावर ग्रिड की ओर से आने वाले मार्ग पर भी बैरिकेडिंग लगाई गई है।
तिमोर में बनेगा पार्किंग स्थल, आगे केवल पैदल मिलेगा प्रवेश
रश्मि प्रिया ने बताया कि तिमोर के पास वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जहां श्रद्धालु अपने वाहन खड़े करेंगे। मंदिर परिसर के समीप बने सभी बैरिकेडिंग के बाद केवल पैदल श्रद्धालुओं को ही मंदिर में प्रवेश करने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि गणपतगंज से मंदिर आने वाली मुख्य सड़क पर केवल मोटरसाइकिल एवं ई-रिक्शा को आने की अनुमति रहेगी, जबकि अन्य सभी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था रहेगी लागू
प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए वन-वे व्यवस्था लागू की है। गणपतगंज से मंदिर आने वाली मुख्य सड़क पर वाहन केवल मंदिर की ओर आएंगे। वहीं वापसी के लिए वाहनों को धरहारा मुख्य सड़क से ब्राह्मण टोला होते हुए केएन डिग्री कॉलेज के रास्ते निकाला जाएगा। यह मार्ग भी केवल एक दिशा में संचालित रहेगा।
370 सुरक्षाकर्मी रहेंगे तैनात
प्रशासन के अनुसार सावन की सभी सोमवारी को सुरक्षा व्यवस्था के लिए 60 मजिस्ट्रेट, 60 पुलिस पदाधिकारी एवं 250 अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा सभी प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बल लगातार निगरानी रखेंगे, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में जलाभिषेक का अवसर मिल सके। मां बाबूजी धर्मशाला के भवन में वार रूम बनाया गया है जहां से सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से संपूर्ण मेले की निगरानी की जाएगी।

बैठक के अंत में सभी अधिकारियों ने श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों से अपील की कि प्रशासन द्वारा बनाई गई नई व्यवस्था, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक प्लान और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें तथा प्रशासन का सहयोग करें, ताकि सावन की सभी सोमवारी शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।







