Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के भीमनगर थाना क्षेत्र में धान के खेत से एक मगरमच्छ मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए मगरमच्छ को सुरक्षित रेस्क्यू किया, उसे कंधे पर लादकर थाना पहुंचाया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित रूप से कोसी नदी में छोड़ दिया।

मामला भीमनगर थाना क्षेत्र के लालपुर वार्ड संख्या-14 का है। शनिवार को ग्रामीणों ने धान के खेत में एक मगरमच्छ देखा, जिसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। मगरमच्छ दिखाई देने से कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि ग्रामीणों ने बिना उसे नुकसान पहुंचाए सावधानीपूर्वक रेस्क्यू किया और इसकी सूचना वन विभाग को दी। वन विभाग के पहुंचने से पहले ही ग्रामीण मगरमच्छ को कंधे पर उठाकर भीमनगर थाना ले गए, जहां उसे सुरक्षित रखा गया।
सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम थाना पहुंची और मगरमच्छ को अपने कब्जे में लेकर उसका निरीक्षण किया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से कोसी नदी में छोड़ दिया। वन विभाग के फॉरेस्टर रवि रंजन ने बताया कि मगरमच्छ की लंबाई करीब 4 फीट 6 इंच थी और वह पूरी तरह स्वस्थ था। उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में जलस्तर बढ़ने के कारण नदी और नालों का संपर्क बढ़ जाता है, जिससे मगरमच्छ समेत अन्य वन्यजीव रिहायशी इलाकों तक पहुंच जाते हैं।
वन विभाग ने मगरमच्छ के सुरक्षित रेस्क्यू में सहयोग करने वाले ग्रामीणों की सराहना की है। साथ ही लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी कोई वन्यजीव दिखाई दे तो अफवाह फैलाने या उसे पकड़ने की कोशिश करने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम द्वारा सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।







