Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह राष्ट्रीय एनएच-27 पर कांवरियों से भरी एक बस आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गई। हादसे के समय बस में करीब 70 कांवरिया सवार थे, जो देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना कर वापस पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी लौट रहे थे। दुर्घटना में चार से पांच कांवरियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों का स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया, जिसके बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई। इस घटना में एक बड़ा हादसा टल गया।

यह हादसा भपटियाही थाना क्षेत्र के माकेर गढ़िया के समीप एनएच-27 पर हुआ। बताया जा रहा है कि बस के आगे चल रहे कंटेनर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इसके कारण पीछे चल रही बस के चालक को वाहन नियंत्रित करने का पर्याप्त समय नहीं मिला और बस सीधे कंटेनर के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
बस के खलासी ने बताया कि बस में लगभग 70 कांवरिया सवार थे। सभी श्रद्धालु बाबा नगरी देवघर से जलाभिषेक और पूजा-अर्चना कर अपने घर सिलीगुड़ी लौट रहे थे। अचानक कंटेनर के ब्रेक लगाने के कारण यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि बस में सवार सभी श्रद्धालु सुरक्षित हैं और केवल चार-पांच यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद करते हुए उन्हें इलाज के लिए भपटियाही स्थित स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायल यात्रियों को सुरक्षित बताया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही भपटियाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बस तथा कंटेनर को सड़क किनारे हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह कंटेनर चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाना बताया जा रहा है।
इस हादसे में बस पर सवार सभी करीब 70 कांवरिया सुरक्षित हैं। समय रहते राहत एवं बचाव कार्य होने और किसी के गंभीर रूप से घायल नहीं होने से एक बड़ा हादसा टल गया।







