सुपौल: कोसी के बढ़ते जलस्तर से किशनपुर के पंचगछिया में शुरू हुआ गृह कटाव, डीएम ने किया निरीक्षण, तत्काल राहत सामग्री वितरित

कोसी नदी के जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव के बीच किशनपुर प्रखंड के मौजहा पंचायत स्थित पंचगछिया गांव में गृह कटाव शुरू हो गया। सूचना पर जिलाधिकारी सावन कुमार ने मौके का निरीक्षण कर प्रभावित परिवारों के बीच तत्काल पॉलीथीन शीट वितरित कराई तथा कटाव निरोधक कार्य में तेजी लाने और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए।

Report: A.K. Chaudhary

कोसी नदी के जलस्तर में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव का असर अब तटीय इलाकों में दिखाई देने लगा है। सुपौल जिले के किशनपुर अंचल अंतर्गत मौजहा पंचायत के पंचगछिया गांव में गृह कटाव की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सावन कुमार ने प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया और स्थानीय ग्रामीणों से कटाव की स्थिति एवं उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं का आकलन किया। जिला प्रशासन की ओर से तत्काल राहत उपलब्ध कराते हुए जरूरतमंद परिवारों के बीच पॉलीथीन शीट्स का वितरण कराया गया, ताकि वे वर्षा एवं अन्य प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों से सुरक्षित रह सकें।

जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि कटाव प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य बिना किसी विलंब के सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि स्थिति और गंभीर होती है तो प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से अन्य आवश्यक सहायता भी तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी।

कटाव की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने पूर्वी कोसी तटबंध प्रमंडल, सुपौल के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि कटाव निरोधक कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया जाए, ताकि जान-माल की क्षति को न्यूनतम किया जा सके।

जिला प्रशासन ने बताया कि कोसी नदी के जलस्तर और कटाव की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है तथा संबंधित विभागों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, केवल प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन या जिला नियंत्रण कक्ष को दें।

निरीक्षण के दौरान सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी चंद्रभूषण कुमार, प्रभारी अंचल अधिकारी किशनपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी किशनपुर सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

[democracy id="1"]