सुपौल: सिमराही बाजार में जाम पर प्रशासन का बड़ा अभियान, जनप्रतिनिधियों के साथ सड़क पर उतरे एसडीएम, 10 अगस्त तक अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम, 11 से होगी कार्रवाई

सिमराही बाजार को जाम और अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए वीरपुर एसडीएम विनय कुमार जनप्रतिनिधियों के साथ सड़क पर उतरे। उन्होंने दुकानदारों और वाहन चालकों से 200 मीटर के नो-वेंडिंग जोन का पालन करने की अपील करते हुए 10 अगस्त तक अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम दिया। चेतावनी दी कि 11 अगस्त से अवैध अतिक्रमण हटाने, जुर्माना वसूलने और अन्य प्रशासनिक कार्रवाई शुरू की जाएगी।
oplus_2097152

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत सिमराही बाजार को जाम और अतिक्रमण की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए प्रशासन का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। विशेष अभियान के तहत शनिवार की संध्या वीरपुर अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार स्वयं सड़क पर उतरे और नगर पंचायत सिमराही के जनप्रतिनिधियों तथा राघोपुर प्रखंड के विभिन्न पंचायतों के मुखियाओं के साथ पूरे बाजार का भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने दुकानदारों, फुटकर विक्रेताओं, फल एवं सब्जी विक्रेताओं से सड़क किनारे दुकान नहीं लगाने तथा निर्धारित स्थानों पर दुकान लगाने की अपील की।

एसडीएम विनय कुमार ने बाजार में लोगों से संवाद करते हुए कहा कि सिमराही स्थित एनएच-27 और एनएच-131 के जंक्शन से चारों दिशाओं में 200 मीटर तक नो-वेंडिंग जोन लागू किया गया है। इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार की दुकान लगाने या वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने दुकानदारों से सड़क से हटकर दुकान लगाने और वाहन चालकों से नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन नहीं खड़ा करने की अपील की।

10 अगस्त तक मौका, उसके बाद होगी सख्त कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि 10 अगस्त तक विशेष जागरूकता एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। इस अवधि में प्रशासन लोगों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील कर रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 10 अगस्त तक लोग नहीं माने, तो 11 अगस्त से अवैध अतिक्रमण हटाने, जुर्माना वसूलने और अन्य प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य किसी का रोजगार छीनना नहीं, बल्कि सिमराही बाजार को जाम मुक्त बनाना और आम लोगों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात उपलब्ध कराना है।

नो-पार्किंग में खड़े वाहनों का काटा गया चालान

अभियान के दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने शनिवार सुबह और शाम में नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े मोटरसाइकिल, ई-रिक्शा, टेम्पू सहित अन्य वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए चालान भी काटा। अधिकारियों ने वाहन चालकों को भविष्य में निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़ा करने की हिदायत दी।

नगर पंचायत को भी दिए सख्त निर्देश

एसडीएम विनय कुमार ने नगर पंचायत के कर्मियों को निर्देश दिया कि सड़क किनारे अवैध रूप से दुकान लगाने वालों तथा दुकान के सामने कचरा फैलाने वाले दुकानदारों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और यातायात व्यवस्था दोनों को बेहतर बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में नगर पंचायत नियमानुसार चालान काटे और लगातार निगरानी रखे।

रविवार से चयनित स्थान पर लगेगी सब्जी मंडी

बाजार में अतिक्रमण कम करने की दिशा में प्रशासन ने एक और महत्वपूर्ण निर्णय लिया। निरीक्षण के दौरान सब्जी मंडी के लिए कुछ स्थानों का चयन किया गया। एसडीएम ने नगर पंचायत के कर्मियों को निर्देश दिया कि रविवार से सब्जी मंडी केवल चयनित स्थान पर ही लगाई जाए, ताकि मुख्य सड़क पर भीड़ और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

30 जुलाई से चल रहा है विशेष अभियान

गौरतलब है कि श्रावण मास में कांवरियों और श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अनुमंडल कार्यालय वीरपुर द्वारा 30 जुलाई से 10 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह और शाम के पिक आवर में मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनकी जिम्मेदारी अतिक्रमण हटाना, यातायात व्यवस्था बनाए रखना, नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर चालान करना तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखना है।

ड्यूटी से अनुपस्थित रहीं कार्यपालक पदाधिकारी

शनिवार शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक के लिए नगर पंचायत सिमराही की कार्यपालक पदाधिकारी वीणा वैशाली की मजिस्ट्रेट के रूप में ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन वह मौके पर उपस्थित नहीं थीं। इस संबंध में संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि उनकी तबीयत खराब है और इसकी सूचना उन्होंने एसडीएम कार्यालय को पहले ही दे दी है।

मौके पर राघोपुर अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया, प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार, नगर पंचायत सिमराही की उप मुख्य पार्षद विनीता देवी, विभिन्न वार्ड पार्षद, राघोपुर प्रखंड के विभिन्न पंचायतों के मुखिया, पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

[democracy id="1"]