सुपौल: दुर्गा पूजा को लेकर वीरपुर में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक, एसडीएम ने दिए कई अहम निर्देश

Report: A.K. Chaudhary

आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर बुधवार को सुपौल जिले के वीरपुर अनुमंडल कार्यालय परिसर में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार ने की। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधि, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रखंड अध्यक्ष, पूजा समिति के पदाधिकारी एवं मेला कमिटी के सदस्य मौजूद रहे।

बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पवन कुमार, इंस्पेक्टर मिथिलेश पांडेय, विभिन्न अनुमंडल स्तरीय पदाधिकारी, बसंतपुर, राघोपुर एवं प्रतापगंज प्रखंड के प्रखंड पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी, अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानों के थानाध्यक्ष सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान एसडीएम विनय कुमार ने दुर्गा पूजा एवं मेला आयोजन को लेकर पूजा समितियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क पर मेला नहीं लगाया जाएगा तथा मेला एवं पूजा आयोजन के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। पूजा स्थल एवं मेला परिसर में विद्युत व्यवस्था सुचारू और सुरक्षित रखने का निर्देश दिया गया। एसडीएम ने मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने को भी अनिवार्य बताया। उन्होंने कहा कि पूजा समिति की ओर से परिचय पत्र के साथ कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की जाए, ताकि भीड़ नियंत्रण एवं व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को सहयोग मिल सके। शाम के समय पुलिस पदाधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने की बात भी कही गई।

रावण दहन और झूले को लेकर भी निर्देश

बैठक में रावण दहन को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। एसडीएम ने कहा कि रावण दहन के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। मूर्ति अथवा पुतले की ऊंचाई 10 से 12 फीट तक सीमित रखने तथा आयोजन स्थल की उपलब्ध जगह के अनुसार ही व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने को कहा गया। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम सप्तमी तक पूरा करने का प्रयास किया जाए, ताकि अष्टमी से बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने में परेशानी नहीं हो। सांस्कृतिक कार्यक्रम में आने वाले कलाकारों की लोकप्रियता एवं संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए स्थान का चयन करने को कहा गया। मेला परिसर में बड़े झूले लगाने पर भी रोक रहेगी। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेला में बड़े झूले नहीं लगाए जाएंगे।

पूजा स्थलों पर पुलिस की रहेगी मौजूदगी

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पवन कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह प्रयासरत रहेगा। उन्होंने पूजा समितियों एवं आयोजकों से प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर भी शांति समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। मेला में भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाएगी। पूजा स्थलों पर पुलिस बल एवं पुलिस पदाधिकारियों की मौजूदगी रहेगी, ताकि किसी भी स्थिति से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके।

अतिक्रमण और सूखे नशे पर भी हुई चर्चा

बैठक के दौरान दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की कई स्थानीय समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। इस पर एसडीएम विनय कुमार ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। विभिन्न पूजा स्थलों एवं मेला परिसर में अतिक्रमण का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। एसडीएम ने कहा कि मेला एवं पूजा स्थलों पर होने वाले अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई की जाएगी तथा आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

बैठक में मेला परिसर में सूखे नशे की समस्या को लेकर भी लोगों ने चिंता जताई। कुछ सदस्यों ने मेला परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में लोगों को सूखे नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का सुझाव दिया। इस पर एसडीएम ने कहा कि इस विषय को गंभीरता से देखा जा रहा है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में पूजा गृह में श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग बनाने का सुझाव लोगो द्वारा दिया गया। इसके अलावा मेला एवं पूजा स्थलों के आसपास पार्किंग की व्यवस्था को भी सुचारू रखने पर जोर दिया गया, ताकि सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी नहीं हो। प्रशासन की ओर से पूजा समितियों से अपील की गई कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें और सभी निर्धारित नियमों का पालन करते हुए पूजा एवं मेला का आयोजन करें।

Leave a Comment