
Report: A.K. Chaudhary
नेपाल में लगातार चार दिनों से हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी के बीच कोसी नदी के जलस्तर में शुक्रवार को लगातार वृद्धि दर्ज की गई। नेपाल के बराहक्षेत्र में जलस्तर बढ़ने की सूचना के बाद सीमावर्ती इलाकों में लोगों की चिंता बढ़ गई थी। हालांकि जिला प्रशासन ने स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने की बात कही है और लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह से नेपाल स्थित बराहक्षेत्र में कोसी नदी के जलस्तर में वृद्धि शुरू हुई, जो शाम तक जारी रही। रात्रि आठ बजे बराहक्षेत्र में डिस्चार्ज बढ़ते क्रम में करीब 2,41,000 लाख क्यूसेक दर्ज किया गया। दूसरी ओर कोसी नदी में पानी बढ़ने का सिलसिला जारी रहा और रात्रि आठ बजे कोसी नदी का डिस्चार्ज बढ़ते क्रम में 2,84,995 क्यूसेक दर्ज किया गया। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कोसी बराज के 38 फाटकों को खोला गया।
स्थिति की जानकारी लेने शुक्रवार दोपहर जिलाधिकारी सावन कुमार और पुलिस अधीक्षक सरथ आरएस कोसी बराज पहुंचे। इससे पहले दोनों अधिकारियों ने कौशिकी भवन में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर जलस्तर और संभावित स्थिति की समीक्षा की। बैठक में मुख्य अभियंता संजीव शैलेश सहित संबंधित अभियंता मौजूद रहे।

इसके बाद डीएम और एसपी ने कोसी बराज पहुंचकर मुख्य अभियंता संजीव शैलेश, अधीक्षण अभियंता संजय कुमार, कार्यपालक अभियंता बबन पांडे और एसडीओ प्रशांत कुमार से जलस्तर तथा बराज की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बराज के 28 नंबर फाटक के समीप पहुंचकर इस वर्ष बनाए गए पायलट चैनल का भी निरीक्षण किया।
मुख्य अभियंता ने अधिकारियों को बताया कि पायलट चैनल के चालू रहने से पानी के प्रवाह को नियंत्रित करने में मदद मिल रही है और इससे तटबंध पर पड़ने वाला दबाव कम हुआ है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कोसी बराज के अपस्ट्रीम और डाउनस्ट्रीम क्षेत्र का जायजा लिया। इसके बाद सभी अधिकारी पैदल कंट्रोल रूम पहुंचे, जहां अभियंताओं के साथ जलस्तर और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि निम्न दबाव के प्रभाव को देखते हुए 23 से 26 सितंबर तक बारिश को लेकर पूर्वानुमान जारी किया गया था। मैथमेटिकल मॉडलिंग सेंटर से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर कोसी नदी में डिस्चार्ज करीब तीन लाख क्यूसेक तक पहुंचने की संभावना जताई गई थी।
डीएम ने कहा कि कोसी के जलस्तर में वृद्धि हुई है, लेकिन फिलहाल स्थिति सामान्य है। प्रशासन और संबंधित विभाग लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर भरोसा नहीं करने की अपील की।
उन्होंने मीडिया से भी अपील करते हुए कहा कि कोसी की स्थिति से जुड़ी खबरों में वास्तविक स्थिति को ही सामने रखा जाए। अनावश्यक या अपुष्ट जानकारी प्रसारित करने से लोगों में बेवजह भय का माहौल बन सकता है। प्रशासन स्थिति पर नजर रख रहा है और आवश्यकता के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल लोगों को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।







