
Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत सिमराही के वार्ड संख्या 13 में सोमवार की देर रात चोरों ने थाना से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर एनएच-131 किनारे स्थित आलिया ऑटो मोटर्स पार्ट्स दुकान को निशाना बनाया। चोर दुकान का चदरा काटकर अंदर घुसा और वहां रखे चेन किट, बैट्री, नकदी समेत अन्य पार्ट्स चोरी कर फरार हो गया। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी देते हुए दुकान संचालक अब्दुल गफ्फार ने बताया कि अन्य दिनों की तरह सोमवार की रात भी वह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। देर रात करीब दो बजे उनकी नींद खुली तो उन्होंने मोबाइल पर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज चेक किया। इस दौरान उन्होंने दुकान के अंदर एक चोर को देखा। इसके बाद उन्होंने राघोपुर पुलिस और डायल-112 पर फोन कर सूचना देने का प्रयास किया, लेकिन कॉल नहीं लग सका।
इसके बाद अब्दुल गफ्फार तत्काल दुकान पर पहुंचे। दुकान खोलकर देखने पर चोर वहां से चोरी कर फरार हो चुका था। उन्होंने बताया कि चोर ने दुकान का चदरा काटकर अंदर प्रवेश किया और दुकान में रखे सामान को लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना देने के लिए वह राघोपुर थाना पहुंचे, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया।
पहले भी तीन बार हो चुकी है चोरी
दुकान संचालक ने बताया कि उसके दुकान में चोरी की यह चौथी घटना है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी दुकान में तीन बार चोरी हो चुकी है। पहली घटना 29 मार्च 2025, दूसरी 8 अप्रैल 2025 और तीसरी 24 अप्रैल 2025 को हुई थी। इन घटनाओं को लेकर थाना में आवेदन दिए जाने की बात भी दुकान संचालक ने कही है।
अब्दुल गफ्फार का आरोप है कि पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं को लेकर आवेदन देने के बावजूद अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने लगातार चौथी बार दुकान को निशाना बनाए जाने पर चिंता जताई और पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है।
25 से 30 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान
दुकान संचालक ने बताया कि इस बार चोर दुकान से चेन किट, बैट्री, करीब पांच हजार रुपये नकद समेत अन्य पार्ट्स चोरी कर ले गया। उनके अनुसार चोरी किए गए सामान की कीमत और अन्य नुकसान मिलाकर करीब 25 से 30 हजार रुपये की क्षति हुई है।
मामले को लेकर राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि दुकान में चोरी की घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।







