सुपौल: अविश्वास प्रस्ताव के बाद राघोपुर डीलर संघ का चुनाव, नरेंद्र यादव बने अध्यक्ष

oplus_0

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड डीलर संघ के अध्यक्ष जगदेव यादव के खिलाफ तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद डीलर संघ के सदस्य नरेंद्र यादव ने अविश्वास प्रस्ताव लाया। इसके बाद गुरुवार को जिला डीलर संघ की टीम की मौजूदगी में सिमराही स्थित एक होटल परिसर में अध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराया गया। चुनाव में नरेंद्र यादव ने 42 मत प्राप्त कर निवर्तमान अध्यक्ष जगदेव यादव को 10 मतों के अंतर से पराजित करते हुए अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। जगदेव यादव को 32 मत मिले।

चुनाव के दौरान जिला संघ की ओर से चुनाव पर्यवेक्षक हरिश्चंद्र झा, जिलाध्यक्ष सियालाल यादव, कोषाध्यक्ष मो. रफीक आलम, जिला सह मंत्री गूँजेश्वरी मेहता, ललितेश्वर पांडेय तथा जिला महामंत्री विनोद कुमार कर्ण मौजूद रहे। चुनाव संपन्न होने के बाद जिला महामंत्री विनोद कुमार कर्ण ने परिणाम की घोषणा की और नरेंद्र यादव को राघोपुर डीलर संघ का नया अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया।

अध्यक्ष पद के अलावा सचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए भी चुनाव कराया गया। सचिव पद पर गंगाराम मेहता और अंजली कुमारी के बीच मुकाबला हुआ। इसमें गंगाराम मेहता को 38 मत मिले, जबकि अंजली कुमारी को 36 मत प्राप्त हुए। इस तरह गंगाराम मेहता ने दो मतों के अंतर से सचिव पद पर जीत हासिल की। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर सदानंद गोइतमान निर्विरोध निर्वाचित हुए।

पहली बार महिला मोर्चा का हुआ गठन

राघोपुर डीलर संघ के चुनाव के दौरान जिला डीलर संघ की ओर से प्रखंड स्तर पर पहली बार महिला मोर्चा का भी गठन किया गया। अंजली कुमारी को राघोपुर महिला मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया। महिला मोर्चा अध्यक्ष पद पर अंजली कुमारी के नाम पर सहमति बनने के बाद उन्हें निर्विरोध प्रखंड अध्यक्ष चुना गया। महिला मोर्चा के गठन को संघ के संगठनात्मक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

जिलाध्यक्ष ने संगठन की मजबूती पर दिया जोर

जिला डीलर संघ के जिलाध्यक्ष सियालाल यादव ने चुनाव प्रक्रिया के दौरान संगठन की एकजुटता और लोकतांत्रिक तरीके से पदाधिकारियों के चयन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रखंड स्तर पर चुनाव के माध्यम से नई टीम का गठन हुआ है और उम्मीद है कि नवनिर्वाचित पदाधिकारी डीलरों की समस्याओं को संगठित तरीके से जिला संघ के समक्ष रखेंगे। उन्होंने महिला मोर्चा के गठन को भी संगठन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

चुनाव के दौरान प्रखंड क्षेत्र के डीलरों के बीच उत्साह देखने को मिला। चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष नरेंद्र यादव सहित अन्य पदाधिकारियों को उपस्थित डीलरों ने बधाई दी। मौके पर कुशेश्वर पासवान, रघुनंदन यादव, भगवान प्रसाद सिंह, गंगा प्रसाद मेहता, भागवत स्वर्णकार, सियाराम दास सहित प्रखंड क्षेत्र के सभी डीलर मौजूद रहे।

Leave a Comment

[democracy id="1"]