
Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर अंचल में चल रहे जमाबंदी अद्यतन के विशेष कैंप का शुक्रवार को अपर समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों एवं कृषि समन्वयकों से जमाबंदी अद्यतन कार्य की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान तीन कृषि समन्वयक उपस्थित पाए गए। कृषि समन्वयकों ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभुकों से संबंधित अब तक कुल 25 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें कुछ आवेदन मृत रैयतों से संबंधित हैं, जबकि कुछ जमाबंदियों में त्रुटियां भी पाई गई हैं। अपर समाहर्ता ने प्रत्येक कृषि समन्वयक को 20-20 आवेदन पूर्ण रूप से तैयार कर जमा करने का निर्देश दिया।

अपर समाहर्ता ने कर्मचारियों को विभागीय निर्देशों के अनुरूप त्रुटिरहित एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से जमाबंदी अद्यतन करने को कहा। उन्होंने विभाग की ओर से उपलब्ध कराई गई त्रुटिपूर्ण जमाबंदियों की सूची के आधार पर प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य की प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
राजस्व कार्यों में तेजी लाने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता ने अंचल अधिकारी एवं राजस्व अधिकारी को ऑनलाइन म्यूटेशन, परिमार्जन, लगान वसूली, ई-मापी समेत राजस्व से जुड़े अन्य कार्यों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
वहीं, अभियान बसेरा-2 के तहत प्राप्त किए जा रहे आवेदनों की भी समीक्षा की गई। पंचायत स्तर पर आवेदन प्राप्त करने की निर्धारित अवधि शुक्रवार को समाप्त हो गई, जबकि अंचल कार्यालय में 28 सितंबर 2026 तक आवेदन लिए जाएंगे।
अपर समाहर्ता ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्राप्त सभी आवेदनों का नियमानुसार निष्पादन करने तथा पात्र लाभुकों के लिए भूमि चिन्हित करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने राजस्व संबंधी कार्यों में तेजी के साथ-साथ कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया।







