
Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के हरिपुर पंचायत स्थित राधानगर गांव में गुरुवार की सुबह एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। मृतका की पहचान चम्पानगर वार्ड संख्या-2 निवासी रामाधिन सादा की 19 वर्षीय पुत्री प्रीति कुमारी के रूप में हुई है। उसका शव ससुराल के एक कमरे में बेड पर मिला। घटना के बाद मृतका के ससुराल पक्ष के लोगों के घर से चले जाने की बात सामने आई है। वहीं, मायके वालों ने प्रीति की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।

बताया जाता है कि प्रीति की शादी इसी वर्ष 13 फरवरी को राधानगर निवासी अमलेश सादा के साथ हुई थी। परिजनों के अनुसार, शादी से पहले दोनों परिवारों के बीच रिश्ता तय हुआ था, लेकिन बाद में दहेज की रकम को लेकर ससुराल पक्ष की ओर से शादी से पीछे हटने की बात कही गई थी। इसके बाद अमलेश कथित तौर पर परिवार की सहमति के बिना चम्पानगर पहुंचा और प्रीति से शादी कर ली। बाद में दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद प्रीति को विदा कराकर ससुराल भेजा गया।
परिजनों के मुताबिक, प्रीति पिछले करीब तीन महीने से अपने मायके में रह रही थी। करीब आठ दिन पूर्व उसके ददिया ससुर की मौत के बाद ससुर गुलेर सादा उसे वापस राधानगर लेकर आए थे। गुरुवार को ददिया ससुर का अंतिम श्राद्ध कर्म भी होना था।
मृतका के भाई बिजेंद्र सादा ने बताया कि बुधवार की रात करीब 12 बजे तक उसकी बहन से मोबाइल पर बातचीत हुई थी। इसके बाद गुरुवार की सुबह ससुर गुलेर सादा ने फोन कर उन्हें जल्द राधानगर आने के लिए कहा। मायके के लोग जब ससुराल पहुंचे तो प्रीति कमरे में बेड पर मृत पड़ी थी। भाई ने उसकी मौत को सामान्य नहीं बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि घटना के बाद ससुराल के लोग घर छोड़कर फरार हो गए।
सूचना मिलने के बाद राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से जांच कर विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, शादी के बाद से ही प्रीति और उसके पति के बीच संबंध सामान्य नहीं थे। हालांकि, दोनों के बीच विवाद का वास्तविक कारण क्या था, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने भी जांच कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के आवेदन के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







