सुपौल: राघोपुर में रेलवे समपार 15ए बंद होने से बढ़ी परेशानी, अंडरपास या लाइट ओवरब्रिज की मांग की

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर रेलवे स्टेशन के समीप एनएच-131 पर स्थित समपार संख्या 15ए को स्थायी रूप से बंद किए जाने के बाद स्थानीय लोगों की बढ़ती परेशानी को लेकर नगर पंचायत सिमराही की वार्ड पार्षद सह भाजपा जिला मंत्री स्मृति कुमारी ने पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर के महाप्रबंधक को मांग पत्र भेजा है। उन्होंने लोगों की सुविधा के लिए समपार के स्थान पर पैदल यात्रियों और हल्के वाहनों के आवागमन के अनुरूप लाइट ओवरब्रिज अथवा अंडरपास बनाने की मांग की है।

मांग पत्र के माध्यम से बताया गया है कि 30 मार्च 2026 को रेलवे द्वारा समपार संख्या 15ए को स्थायी तौर पर बंद कर दिया गया। इसके बाद रेलवे लाइन के दोनों ओर रहने वाले लोगों के लिए आवागमन मुश्किल हो गया है। वर्तमान में बने रेल ओवरब्रिज पर पैदल चलने वालों के लिए सुरक्षित मार्ग नहीं होने के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पत्र में कहा गया है कि आरओबी के दोनों तरफ स्थानीय लोगों के लिए सीढ़ी अथवा सीधा पैदल मार्ग उपलब्ध नहीं होने से रेलवे ट्रैक के दूसरी ओर जाने के लिए लोगों को करीब दो किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। इससे रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों के साथ स्कूली बच्चों और कर्मचारियों को भी परेशानी हो रही है।

स्मृति कुमारी ने मांग पत्र में क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा है कि रेलवे लाइन के दोनों ओर काफी घनी आबादी है। एक तरफ सरकारी विद्यालय, डाकघर समेत अन्य जरूरी संस्थान हैं, जबकि दूसरी ओर नगर पंचायत और अंचल कार्यालय स्थित हैं। ऐसे में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों को रेलवे लाइन के दोनों तरफ आना-जाना पड़ता है।

मांग पत्र में सामाजिक और मानवीय पक्ष को भी प्रमुखता से उठाया गया है। बताया गया है कि रेलवे ट्रैक के दोनों ओर मुस्लिम समुदाय की आबादी है और कब्रिस्तान एक तरफ स्थित है। समपार बंद होने के बाद जनाजे को कब्रिस्तान तक ले जाने में भी लोगों को करीब दो किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। इसे स्थानीय लोगों के लिए संवेदनशील समस्या बताते हुए इसके स्थायी समाधान की मांग की गई है।

वार्ड पार्षद ने यह भी कहा है कि सिमराही नगर पंचायत सुपौल जिले का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है। समपार बंद होने से बाजार तक पहुंचने वाले लोगों के आवागमन पर असर पड़ा है। इसका प्रभाव स्थानीय कारोबार पर भी पड़ रहा है और व्यवसायियों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।

स्मृति कुमारी ने रेल प्रशासन से समपार संख्या 15ए के स्थान पर पैदल यात्रियों और हल्के वाहनों के लिए उपयुक्त लाइट ओवरब्रिज या अंडरपास का निर्माण कराने का आग्रह किया है। साथ ही उन्होंने कहा है कि जब तक स्थायी वैकल्पिक मार्ग तैयार नहीं हो जाता, तब तक आम लोगों की परेशानी को देखते हुए बंद रेलवे समपार को अस्थायी रूप से पुनः चालू किया जाए, ताकि सुरक्षित और सुगम आवागमन बना रहे।

Leave a Comment

[democracy id="1"]