सेवा संकल्प अभियान के तहत बाबा भीमशंकर मंदिर में डीएम के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान, किया श्रमदान व पौधरोपण

Report: A.K. Chaudhary

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वच्छता ही सेवा तहत गांधी जयंती के असवर पर शुक्रवार को सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश दिया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी सावन कुमार के नेतृत्व में धरहारा स्थित ऐतिहासिक बाबा भीमशंकर स्थान परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। अधिकारियों ने शिवगंगा तट पर श्रमदान करते हुए स्वयं झाड़ू लगाई और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

आयोजित इस अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पंचायत प्रतिनिधि, स्वच्छता कर्मी, मंदिर न्यास समिति के सदस्य और स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए। जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने शिवगंगा तट और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई कर लोगों को यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

सफाई करते पदाधिकारी व अन्य

शिवगंगा तट पर लगाए गए 51 फलदार पौधे

स्वच्छता अभियान के बाद शिवगंगा तट पर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी सावन कुमार, उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार और अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार ने संयुक्त रूप से शिवगंगा तट के अलग-अलग स्थानों पर फलदार पौधे लगाए। अभियान के तहत कुल 51 फलदार पौधे लगाए गए। पौधरोपण के दौरान अधिकारियों ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल पर भी जोर दिया।

वृक्षारोपण करते डीएम

स्वच्छता को आदत बनाने की जरूरत : डीएम

कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि दो अक्टूबर का दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छ और सुंदर भारत के सपने को याद करने और उसे अपने व्यवहार में उतारने का अवसर है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन या किसी विशेष अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति की दिनचर्या और आदत का हिस्सा बनाना जरूरी है।

वृक्षारोपण करते डीडीसी

डीएम ने कहा कि राघोपुर प्रखंड सहित पूरे सुपौल जिले को खुले में शौच से मुक्त बनाए रखने और ओडीएफ की स्थिति को स्थायी रूप से बनाए रखने में आम लोगों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रशासन अपने स्तर से लगातार प्रयास कर रहा है, लेकिन जब तक आमजन इसमें सक्रिय रूप से भागीदारी नहीं करेंगे, तब तक स्थायी बदलाव संभव नहीं है।

वृक्षारोपण करते एसडीएम

उन्होंने जलवायु परिवर्तन का जिक्र करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज के समय की बड़ी जिम्मेदारी है। अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी देखभाल करना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान हमारी संस्कृति और प्रकृति के बीच के गहरे संबंध को मजबूत करने का माध्यम है।

डीएम ने लोगों से पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने, कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने और अपने घर, आसपास के क्षेत्र एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति लोगों की सोच में बदलाव आने से ही समाज में व्यापक और स्थायी परिवर्तन लाया जा सकता है।

अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने ली स्वच्छता की शपथ

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी सावन कुमार ने उपस्थित अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वच्छता कर्मियों एवं स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता की सामूहिक शपथ दिलाई। सभी ने अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

शपथ लेते अधिकारी व अन्य

मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी से स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखने को मिला। ऐतिहासिक भीमशंकर स्थान और शिवगंगा तट पर स्वच्छता अभियान एवं पौधरोपण से धार्मिक स्थल के साथ-साथ आसपास के पर्यावरण को बेहतर बनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में डीडीसी इंद्रवीर कुमार, एसडीएम विनय कुमार, एसडीपीओ पवन कुमार, बीस सूत्री अध्यक्ष डॉ. कमल प्रसाद यादव, बीडीओ सत्येंद्र कुमार, सीओ रश्मि प्रिया, रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी दीपनारायण राम, मनरेगा पीओ रियाज अहमद, प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी अमर कुमार, थानाध्यक्ष अमित कुमार राय, मंदिर न्यास समिति के सचिव संजीव कुमार, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, मुखिया कमलेश साह सहित त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि, मंदिर न्यास समिति के सदस्य, स्वच्छता कर्मी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Comment