
Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के नगर पंचायत सिमराही स्थित एसआर शिक्षा सम्राट स्कूल में शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन महादेव मेहता एवं निर्देशिका अल्पना मेहता ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों के बीच क्विज, स्पेलिंग बी और पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने नारी सशक्तिकरण, नशामुक्त भारत, यातायात सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य, ग्लोबल वार्मिंग सहित कई समसामयिक विषयों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
क्विज और स्पेलिंग बी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के बेहतर प्रदर्शन के कारण कई बार बराबरी की स्थिति बनी। इसके बाद प्रत्येक कक्षा में तीनों प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक देकर सम्मानित किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में 100 से अधिक विद्यार्थियों ने पुरस्कार एवं पदक हासिल किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के चेयरमैन महादेव मेहता ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जीवन सभी के लिए प्रेरणादायक है। उनके आदर्शों और बताए मार्ग पर चलते हुए विद्यार्थियों को देश का गौरव बढ़ाने के लिए प्रयास करना चाहिए।
वहीं विद्यालय के प्राचार्य सह प्रशासनिक निदेशक किसलय रवि ने कहा कि प्रतियोगिताओं के आयोजन से विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के साथ-साथ उनकी रचनात्मक एवं कलात्मक क्षमता भी विकसित होती है। स्वस्थ प्रतियोगी माहौल बच्चों की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पप्पू मेहता, रंजीत लामा, आदर्श लामा, गौरव कुमार, कृष्णा गुप्ता, शिवशंकर मेहता, मनीषा झा, रमेश मुखिया, अर्जुन कुमार, शिवशंकर यादव, काजल राउत, मौली मोदक, सुधांशु वर्मा, सुमन झा, प्रतिका ठाकुर, जूली मिश्रा सहित विद्यालय के सभी कर्मियों का सराहनीय योगदान रहा।







