12 घंटे में अपहरणकांड का खुलासा, सुपौल पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मोहम्मद जीशान सकुशल बरामद, कई आरोपी हिरासत में

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र के बेलागंज में सोमवार की सुबह दिनदहाड़े अपहरण किए गए युवक मोहम्मद जीशान खान को सुपौल पुलिस ने करीब 12 घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में कई आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

सुपौल एसपी शरथ आर.एस. ने बताया कि सोमवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे माधोपुर निवासी मोहम्मद जीशान खान का बेलागंज में अपहरण कर लिया गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्रिवेणीगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया। इसके बाद चार-पांच अलग-अलग पुलिस टीमों को छापेमारी के लिए लगाया गया।

वैज्ञानिक अनुसंधान से मिली अहम जानकारी

एसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान और विभिन्न साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि अपहरण की घटना में अररिया जिले के नरपतगंज क्षेत्र के कुछ अपराधियों की संलिप्तता है। इसके बाद सुपौल पुलिस, अररिया पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की।

इसी दौरान पुलिस ने घटना में संलिप्त कई संदिग्धों को हिरासत में लिया। पुलिस को उस वाहन के मूवमेंट की भी जानकारी मिली, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर जीशान के अपहरण में किया गया था। वाहन की लोकेशन फुलकाहा थाना क्षेत्र में मिलने के बाद पुलिस टीम ने वहां भी छापेमारी की।

बॉर्डर इलाके से सकुशल मिला जीशान

पुलिस की कार्रवाई के दौरान फुलकाहा थाना क्षेत्र के बॉर्डर इलाके से अपहृत मोहम्मद जीशान खान को सकुशल बरामद कर लिया गया। युवक की बरामदगी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। वहीं, जीशान के सकुशल घर लौटने से परिजनों में खुशी का माहौल है।

पैसों के लेन-देन के विवाद में अपहरण का आरोप

एसपी शरथ आर.एस. ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अपहृत मोहम्मद जीशान और घटना में शामिल आरोपियों के बीच कथित तौर पर पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद था। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के बाद जीशान का अपहरण किया गया।

एसपी ने बताया कि इस मामले में मुख्य अभियुक्त नीरज कुमार बताया जा रहा है, जो अररिया जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस ने अपहरण कांड में संलिप्त कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले में आरोपियों की भूमिका, अपहरण की साजिश और पैसों के लेन-देन से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Comment