सुपौल: आंगनबाड़ी सेविका से रिश्वत लेने का वीडियो वायरल, महिला पर्यवेक्षिका पर DM की कार्रवाई, 3 दिन में मांगी जांच रिपोर्ट

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के छातापुर में आंगनबाड़ी केंद्रों से कथित वसूली और महिला पर्यवेक्षिका द्वारा सेविका से रुपये लेने का वीडियो वायरल होने की खबर न्यूज एक्सप्रेस बिहार ने सबसे पहले प्रमुखता से प्रकाशित की थी। खबर सामने आने के बाद अब मामले में प्रशासनिक कार्रवाई हुई है। सुपौल जिलाधिकारी सावन कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छातापुर की महिला पर्यवेक्षिका संगीता कुमारी को तत्काल प्रभाव से जिला कार्यक्रम कार्यालय, ICDS सुपौल में योगदान करने का आदेश दिया है।

दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में महिला पर्यवेक्षिका पर आंगनबाड़ी सेविका से कथित रूप से रुपये लेने का आरोप सामने आया था। इसके बाद न्यूज एक्सप्रेस बिहार ने मामले को प्रमुखता से उठाते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों से कथित मासिक वसूली और वायरल वीडियो से जुड़े आरोपों को सामने रखा था।

खबर के बाद प्रशासन ने लिया संज्ञान

मामले को लेकर जिलाधिकारी सावन कुमार ने आदेश जारी कर कहा कि महिला पर्यवेक्षिका संगीता कुमारी द्वारा आंगनबाड़ी सेविका से रिश्वत की राशि लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। साथ ही उनके कार्यों के निष्पादन में अनियमितता एवं भ्रष्टाचार संबंधी गंभीर आरोप भी प्राप्त हुए हैं। जिलाधिकारी ने मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए महिला पर्यवेक्षिका को जिला कार्यक्रम कार्यालय में योगदान करने का निर्देश दिया है।

तीन दिनों में मांगी गई जांच रिपोर्ट

डीएम ने बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, छातापुर को निर्देश दिया गया है कि महिला पर्यवेक्षिका से संबंधित सरकारी अभिलेख, दस्तावेज एवं अन्य साक्ष्य प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही वायरल वीडियो और प्राप्त शिकायत के आलोक में संगीता कुमारी से कारण पृच्छा करते हुए मामले की जांच कर स्पष्ट एवं मंतव्ययुक्त प्रतिवेदन तीन दिनों के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

पूर्व में प्रकाशित यह खबर भी पढ़े: https://newsexpressbihar.com/supaul-chhatarpur-anganwadi-centre-2600-rupees-viral-video/

न्यूज एक्सप्रेस बिहार की खबर के बाद प्रशासनिक स्तर पर हुई इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों को लेकर अब विभागीय जांच शुरू हो गई है। जांच रिपोर्ट के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Comment