
Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत करजाईन बाजार स्थित राजकीय पॉलिटेकनिक कॉलेज का बुधवार की सुबह वीरपुर अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने कॉलेज की शैक्षणिक एवं मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम विनय कुमार ने विद्यार्थियों के साथ बैठकर जलपान भी किया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से कॉलेज में पढ़ाई, रहने-सहने की व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधा समेत अन्य समस्याओं के संबंध में बातचीत की। विद्यार्थियों ने भी बेझिझक अपनी समस्याएं और मांगें एसडीएम के समक्ष रखीं।

एसडीएम ने कहा कि निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ निरंतर सकारात्मक संवाद स्थापित करना है, ताकि उनकी समस्याओं को सीधे समझकर आवश्यक समाधान की दिशा में कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि वे समय-समय पर स्कूल और कॉलेजों का निरीक्षण करते रहते हैं और विद्यार्थियों से संवाद को प्राथमिकता देते हैं।
पाक्षिक रूप से पहुंचेगी चिकित्सकों की टीम
कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने एसडीएम के समक्ष नियमित स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी। विद्यार्थियों की मांग को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम विनय कुमार ने कॉलेज में पाक्षिक रूप से चिकित्सकों की टीम भेजने की व्यवस्था कराने की बात कही। इससे कॉलेज के विद्यार्थियों को नियमित स्वास्थ्य जांच और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श मिल सकेगा।
कॉलेज परिसर में चलाया गया सफाई अभियान
निरीक्षण के दौरान स्थानीय मुखिया ललिता देवी की ओर से कॉलेज परिसर में सफाई अभियान भी चलाया गया। सफाई अभियान के माध्यम से कॉलेज परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने पर जोर दिया गया। एसडीएम ने कॉलेज की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी को कॉलेज से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने तथा दिए गए निर्देशों के अनुपालन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम कॉलेज की समग्र व्यवस्था से संतुष्ट नजर आए।
एसडीएम के इस निरीक्षण और विद्यार्थियों के साथ सीधे संवाद को कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने सकारात्मक पहल बताया। नियमित संवाद और स्वास्थ्य सुविधा की व्यवस्था से विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं प्रशासन तक सीधे पहुंचाने का अवसर मिलेगा।







