Report: A.K. Chaudhary
साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुपौल पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से लैपटॉप, प्रिंटर, आईआरआईएस स्कैनर समेत बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं।
जानकारी देते हुए साइबर डीएसपी गौरव गुप्ता ने बताया कि 10 सितंबर 2026 को मरौना थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र में स्थित एक कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से अवैध तरीके से विभिन्न प्रकार के फर्जी दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। इनमें आधार कार्ड, निवास प्रमाण-पत्र, जन्म प्रमाण-पत्र आदि शामिल थे। साथ ही लाभुकों से मनमाने तरीके से राशि की उगाही किए जाने की भी सूचना मिली थी।
सूचना के सत्यापन के बाद एसपी के निर्देश पर साइबर थाना के पुलिस उपाधीक्षक-सह-थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने मरौना स्थित संजीव कॉमन सर्विस सेंटर, भलुआही तथा अजय डिजिटल स्टूडियो, भलुआही में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 05 लैपटॉप, 01 डीमी रबर/सिलिकॉन फिगर प्रिंट, 01 आईआरआईएस स्कैनर, 02 पेन ड्राइव और 01 फिगर स्कैनर बरामद किया। इसके अलावा बड़ी मात्रा में ब्लैंक जन्म प्रमाण-पत्र, आधार इनरोलमेंट किए हुए फॉर्म और अन्य फर्जी दस्तावेज भी मिले।
मौके से फर्जी दस्तावेज तैयार करने और इस अवैध गतिविधि में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मरौना थाना क्षेत्र के कुशमौल वार्ड 7 निवासी सुभाष कुमार तथा मधुबनी जिले के मधेपुर थाना क्षेत्र के कसौर वार्ड 5 निवासी अजय कुमार सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस ने मामले में साइबर थाना, सुपौल में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। साइबर डीएसपी गौरव गुप्ता ने बताया कि मामले में आगे अनुसंधान एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है। वहीं, इस अवैध गतिविधि में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है।







