सुपौल: शादी के 14 दिन बाद नवविवाहिता की मौत, मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के गजहर वार्ड-3 में शादी के महज 14 दिन बाद 20 वर्षीय नवविवाहिता नेहा कुमारी की मौत से सनसनी फैल गई। सोमवार रात हुई इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। नवविवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका की पहचान मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र के बरेरवा गांव निवासी संजय सरदार की पुत्री नेहा कुमारी के रूप में हुई है। नेहा की शादी 16 सितंबर 2026 को गजहर निवासी बिट्टू सरदार के साथ हुई थी। बताया गया कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद नेहा अपने पति के साथ ससुराल में रह रही थी।

मृतिका का फाइल फोटो

परिजनों के अनुसार, घटना से पहले नेहा मायके जाने की बात कह रही थी। इसके बाद उसने पति के साथ खाना खाया और दोनों आराम करने चले गए। इसी दौरान बिट्टू किसी काम से बाहर गया। कुछ देर बाद वापस लौटने पर घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उसने ईंट हटाकर अंदर प्रवेश किया। वहां नेहा दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी मिली। परिजन उसे नीचे उतारकर राघोपुर रेफरल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

घटना के बाद मृतका की बड़ी बहन अमृता कुमारी ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अमृता का आरोप है कि उसकी सास सविता देवी और देवर बिट्टू सरदार ने मिलकर उसकी छोटी बहन की हत्या की है। अमृता ने बताया कि वह खुद भी पहले ससुराल में रहती थी, लेकिन कथित तौर पर मारपीट के कारण वह अपने मायके में रहने लगी। उसका पति पंजाब में मजदूरी करता है।

वहीं, मृतका के पति बिट्टू सरदार ने हत्या के आरोप से अलग घटना का दूसरा पक्ष बताया। उसके अनुसार, वह काम की तलाश में घर से बाहर गया था। वापस लौटने पर दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा नहीं खुलने पर ईंट हटाकर कमरे में प्रवेश किया गया, जहां नेहा फंदे से लटकी मिली। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया।

डॉक्टर ने प्रथम दृष्टया सुसाइड का मामला बताया

राघोपुर रेफरल अस्पताल के डॉ. संजीव कुमार द्विवेदी ने बताया कि परिजन नेहा को अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जांच के दौरान वह ब्रॉड डेड पाई गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। डॉक्टर के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला सुसाइड का प्रतीत होता है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी स्थिति

त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल की प्रारंभिक स्थिति के आधार पर मामला सुसाइड का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Comment