Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गणपतगंज वार्ड नंबर 3 में चोरों ने एक सुने घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। यह घटना अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गणपतगंज के सेवानिवृत्त कर्मचारी ददन लाल के घर में हुई, जहां चोरों ने दीवार काटकर और खिड़की का ग्रिल तोड़कर घर में प्रवेश किया।

बताया गया कि गृहस्वामी ददन लाल अपने परिवार के साथ 25 अप्रैल को एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर बंद कर बाहर गए हुए थे। इस दौरान घर पूरी तरह सूना था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। शुक्रवार की सुबह जब परिवार वापस लौटा तो उन्हें घर के अंदर कुछ गड़बड़ी का एहसास हुआ।
अंदर से बंद था दरवाजा, छत के रास्ते घर में घुसे परिजन
जानकारी देते हुए गृहस्वामी ददन लाल ने बताया कि घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था, जिससे संदेह गहराया। इसके बाद पड़ोसी के घर की छत के सहारे अपने घर में प्रवेश किया गया। अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए। घर का खिड़की ग्रिल टूटा हुआ था और दोनों गोदरेज अलमारी के ताले टूटे पड़े थे। पूरे घर में सामान बिखरा हुआ था।

5-6 लाख के जेवरात और 3 लाख नगद की चोरी
गृहस्वामी ने बताया कि चोरों ने सोने के कान के टॉप 2 पीस, नथुनी 1 पीस, जितिया 3 पीस, एक अंगूठी, चांदी के बलिया 4 पीस, पायल 4 पीस सहित करीब 5 से 6 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। इसके अलावा लगभग 3 लाख रुपये नगद भी चुरा लिए गए। कुल मिलाकर लाखों की संपत्ति पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया।

पुलिस मौके पर पहुंची, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। आवेदन मिलने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

इलाके में दहशत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।







