Report: A.K Chaudhary
बिहार के सुपौल जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के राजेश्वरी थाना क्षेत्र अंतर्गत चरनै वार्ड संख्या-4 में 19 वर्षीय युवती की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवती का शव गांव के ही एक सरकारी स्कूल की छत पर मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका की पहचान चरनै गांव निवासी 19 वर्षीय वंदना कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार की देर रात करीब साढ़े बारह बजे गांव स्थित सरकारी स्कूल की ओर से एक युवती के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। परिजनों के अनुसार आवाज वंदना की थी। आवाज सुनते ही घरवाले घबरा गए और घर में वंदना को खोजने लगे, लेकिन वह घर में मौजूद नहीं थी।

इसके बाद परिजन और आसपास के लोग उसकी तलाश में स्कूल की ओर पहुंचे। काफी खोजबीन के बाद स्कूल की छत पर वंदना का शव पड़ा मिला। शव देखकर लोगों के होश उड़ गए। बताया जा रहा है कि धारदार हथियार से उसका गला रेतकर हत्या की गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना तत्काल स्थानीय राजेश्वरी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार सुबह एसपी शरथ आर एस, एसडीपीओ विभाष कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की तहकीकात शुरू की। अधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर वंदना की हत्या किसने और किन कारणों से की। घटना के पीछे प्रेम प्रसंग, आपसी रंजिश या अन्य किसी कारण की भी जांच की जा रही है। हालांकि मृतका के परिजन फिलहाल कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
इस संबंध में पूछे जाने पर एसपी शरथ आर एस ने बताया कि घटना हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने का दावा किया गया है।







