सुपौल में सहयोग शिविर का आयोजन, प्रभारी मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा बोले- गांव स्तर पर ही होगा जनता की समस्याओं का समाधान

सुपौल के सदर प्रखंड स्थित घुरण सामुदायिक भवन में आयोजित सहयोग शिविर में प्रभारी मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा शामिल हुए। उन्होंने विभागीय काउंटरों का निरीक्षण कर अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के विभिन्न प्रखंडों में सोमवार को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और आम लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में सदर प्रखंड के घुरण स्थित सामुदायिक भवन में एक विशेष सहयोग शिविर आयोजित किया गया, जिसमें सुपौल जिले के प्रभारी मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शिविर में जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी रही, जिससे ग्रामीणों को मौके पर ही अपनी समस्याएं रखने और समाधान की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी सावन कुमार, पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस, एसडीएम मनोहर साहू, बीडीओ कृष्णा कुमारी सहित कई विभागों के अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन अधिकारियों को सौंपे।

सहयोग शिविर में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, श्रम विभाग, आवास एवं स्वच्छता विभाग, बिजली विभाग, कृषि विभाग समेत कई अन्य विभागों द्वारा अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे। इन काउंटरों पर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा उनकी समस्याओं और शिकायतों को दर्ज किया गया। ग्रामीणों ने जमीन विवाद, आवास योजना, बिजली समस्या, किसान संबंधित योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े मामलों को अधिकारियों के समक्ष रखा।

प्रभारी मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने शिविर में लगाए गए सभी विभागीय स्टॉल और काउंटरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांव-गांव तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी उद्देश्य से सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनकी समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही मिल जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाए और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।

शिविर के दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की और अधिकारियों से सीधे संवाद कर अपनी समस्याएं रखीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और सहयोग शिविर को लेकर ग्रामीणों में उत्साह देखा गया।

Leave a Comment

[democracy id="1"]