Report: A.K Chaudhary
आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड के कार्यालय में मंगलवार से सहयोग सह जन कल्याण शिविर का आयोजन शुरू किया गया। प्रखंड मुख्यालय परिसर में तीन दिवसीय शिविर का शुभारंभ किया गया, वहीं प्रखंड की विभिन्न पंचायतों और नगर पंचायत सिमराही के प्राथमिक विद्यालय मुसहरी टोला में सहयोग शिविर लगाए गए हैं। शिविर में बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान करा रहे हैं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।

प्रशासन द्वारा फिंगलास पंचायत, विशनपुर दौलत पंचायत, राम विशनपुर पंचायत एवं राघोपुर पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित किया गया। इसके अतिरिक्त नगर पंचायत सिमराही के प्राथमिक विद्यालय मुसहरी टोला में वार्ड 2, 3 एवं 7 के लिए सहयोग शिविर लगाया गया है। शिविरों में लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है और एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
शिविर में विभिन्न विभागों के अलग-अलग काउंटर स्थापित किए गए हैं, ताकि आम जनता को अधिक से अधिक सरकारी सुविधाओं का लाभ मिल सके। इनमें विद्युत विभाग, कृषि विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, मनरेगा, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, सामाजिक सुरक्षा योजना, आयुष्मान भारत योजना समेत कई अन्य विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहकर लोगों की शिकायतें सुन रहे हैं तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं।

शिविर में पहुंचे लोगों ने बिजली बिल सुधार, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, भूमि संबंधी विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मनरेगा जॉब कार्ड, कृषि योजनाओं तथा अन्य सरकारी लाभ से जुड़ी समस्याओं और आवेदन प्रस्तुत किए। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को अग्रसारित कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।

इस संबंध में राघोपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सत्येन्द्र कुमार यादव ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र में चार अलग-अलग पंचायतों में सहयोग शिविर लगाए गए हैं, जबकि प्रखंड मुख्यालय परिसर में 16 जून से 18 जून तक तीन दिवसीय सहयोग सह जन कल्याण शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि शिविर में सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है, जिससे आम लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर आसानी से उपलब्ध हो सके।







