Report: A.K Chaudhary
राष्ट्र पुनर्निर्माण और छात्र शक्ति के संगठनात्मक सशक्तिकरण के उद्देश्य से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) उत्तर बिहार प्रांत का चार दिवसीय प्रांत अभ्यास वर्ग गुरुवार से सुपौल स्थित राधेश्याम टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज परिसर में प्रारंभ हो रहा है। 18 से 21 जून तक आयोजित होने वाले इस महत्वपूर्ण अभ्यास वर्ग में उत्तर बिहार के संगठनात्मक 36 जिलों से लगभग 350 छात्र-छात्रा कार्यकर्ता भाग लेंगे।
कार्यक्रम के प्रथम दिन विभिन्न जिलों से आने वाले प्रतिनिधियों का आगमन, पंजीकरण एवं एकत्रीकरण होगा, जबकि शुक्रवार को दीप प्रज्वलन एवं भारत माता पूजन के साथ वर्ग का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। वर्ग में परिषद के प्रांत अध्यक्ष, प्रांत मंत्री, क्षेत्रीय, राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं अन्य कई वरिष्ठ कार्यकर्ता विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।
अभाविप का प्रांत अभ्यास वर्ग संगठन की कार्यपद्धति, वैचारिक स्पष्टता और नेतृत्व क्षमता के विकास का महत्वपूर्ण मंच माना जाता है। चार दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण वर्ग में राष्ट्र जीवन के विविध आयामों, छात्र हित, शिक्षा व्यवस्था, सामाजिक उत्तरदायित्व, व्यक्तित्व विकास, संगठन विस्तार तथा समकालीन राष्ट्रीय विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं को परिषद के इतिहास, कार्यदर्शन एवं राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका से भी अवगत कराया जाएगा।
वर्ग के दौरान समूह चर्चा, बौद्धिक सत्र, संवाद, अभ्यास एवं अनुभव साझा कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभागियों को संगठनात्मक कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा। परिषद का मानना है कि छात्र शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है और संगठित, जागरूक एवं संस्कारित युवा ही भारत को विश्वगुरु बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसी उद्देश्य से अभ्यास वर्ग के माध्यम से कार्यकर्ताओं में राष्ट्र प्रथम की भावना, सामाजिक समरसता और सेवा के संस्कार विकसित किए जाते हैं।
अभ्यास वर्ग की तैयारियों को लेकर सुपौल जिला के कार्यकर्ता पिछले एक माह से लगातार जुटे हुए हैं। आवास, भोजन, चिकित्सा, स्वागत, पंजीकरण एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है। पूरे परिसर को परिषद के ध्वज, प्रेरक संदेशों एवं राष्ट्रभक्ति से जुड़े प्रदर्शनों से सजाया गया है।
अभ्यास वर्ग के व्यवस्था प्रमुख भवेश झा ने बताया कि यह उत्तर बिहार प्रांत का महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जिसमें सभी संगठनात्मक जिलों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि परिषद के स्थापना काल के बाद पहली बार सुपौल में इसबार प्रांत स्तर का कोई बड़ा कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ग में आने वाले कार्यकर्ताओं को वैचारिक, बौद्धिक और संगठनात्मक रूप से प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि वे समाज और राष्ट्रहित के कार्यों में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकें। उन्होंने बताया कि वर्ग की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और सुपौल के कार्यकर्ता पूरे उत्साह एवं समर्पण के साथ आयोजन को सफल बनाने में लगे हुए हैं।







