सुपौल: सिमराही में चोरी की घटनाओं का पुलिस ने किया उद्भेदन, तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान और नकदी बरामद

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही बाजार और धर्मपट्टी में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बीच राघोपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। धर्मपट्टी वार्ड संख्या-1 निवासी प्रमोद मिश्र के घर में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से प्रमोद मिश्र के घर से चोरी किए गए चांदी के आभूषण और नकदी के साथ सिमराही बाजार में हुई एक अन्य चोरी की रकम भी बरामद की गई है।

इसकी जानकारी वीरपुर एसडीपीओ पवन कुमार ने सोमवार को राघोपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया था। एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का उद्भेदन किया। गिरफ्तार आरोपियों में राघोपुर थाना क्षेत्र के धर्मपट्टी वार्ड संख्या-1 निवासी संजीव कुमार शर्मा (26) और राजा कुमार (22) शामिल हैं। जिसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

प्रमोद मिश्र के घर से चोरी सामान बरामद

एसडीपीओ ने बताया कि धर्मपट्टी वार्ड संख्या-1 निवासी प्रमोद मिश्र के घर में हुई चोरी की घटना में दोनों आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का सामान बरामद किया है। बरामद सामान में दो चांदी की चेन, चार चांदी के सिक्के, एक चांदी की अंगूठी और तीन हजार रुपये नकद शामिल हैं।

जब्त आभूषण व नकदी

पुलिस के मुताबिक बरामद चांदी के आभूषण और नकदी प्रमोद मिश्र के घर में हुई चोरी से संबंधित हैं। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।

रंजीत कुमार की दुकान से चोरी किए गए दो हजार रुपये भी बरामद

जांच के दौरान सिमराही बाजार में हुए एक अन्य चोरी का भी खुलासा हुआ है। एसडीपीओ पवन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राजा कुमार के पास से दो हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं, जो सिमराही बाजार स्थित जेपी चौक के पास रंजीत कुमार की किराना दुकान से चोरी किए गए थे। एसडीपीओ ने बताया कि राजा कुमार ने उसी रात रंजीत कुमार की किराना दुकान में चोरी की थी। इस बरामदगी के बाद पुलिस अब सिमराही बाजार में हुई अन्य चोरी की घटनाओं से भी आरोपियों के संभावित संबंधों की जांच कर रही है।

चोरी का सामान खरीदने वाले दुकानदार भी गिरफ्तार 

मामले में पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले दुकानदार सिमराही वार्ड संख्या-6 निवासी कुंदन कुमार स्वर्णकार (28) को भी गिरफ्तार किया है। इसे भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, चोरी के सामान की खरीदारी से जुड़े इस दुकानदार की भूमिका की जांच की जा रही है। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और चोरी की घटनाओं में शामिल अन्य लोगों तथा चोरी के सामान के खरीदारों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

राजा पर पहले से भी दर्ज है आपराधिक मामला

एसडीपीओ पवन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राजा कुमार के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामला दर्ज है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।

सिमराही की अन्य चोरी का भी जल्द होगा खुलासा

एसडीपीओ ने बताया कि सिमराही बाजार में इससे पहले हुई चोरी की घटनाओं को लेकर भी पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया है। टीम लगातार मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का भी जल्द उद्भेदन कर लिया जाएगा।

गौरतलब है कि सिमराही बाजार में लगातार चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में चिंता बढ़ गई थी। हाल के दिनों में कई दुकानों को निशाना बनाए जाने के बाद व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की थी। ऐसे में 24 घंटे के अंदर दो आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के सामान की बरामदगी को पुलिस की कार्रवाई की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Leave a Comment