Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के नदी थाना क्षेत्र के सिसौनी गांव में सोमवार को एक 19 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान मधुबनी जिले के फुलपरास थाना क्षेत्र के बथनाहा गांव निवासी 19 वर्षीय शिव कुमार मंडल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक अपनी बहन के यहां रहकर इलाज करा रहा था। इसी दौरान सोमवार को उसका शव पेड़ से लटका हुआ पाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने युवक की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है। हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
नदी थानाध्यक्ष सुमित कुमार ने बताया कि युवक के गले पर जख्म के निशान पाए गए हैं। पुलिस घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।







