सुपौल में प्रेमिका की गला रेतकर हत्या करने वाला निकला आशिक, शादी के दबाव में स्कूल बुलाकर की वारदात, 12 घंटे में पुलिस ने किया गिरफ्तार

सुपौल के राजेश्वरी थाना क्षेत्र में युवती वंदना कुमारी की गला रेतकर हत्या मामले का पुलिस ने 12 घंटे में खुलासा कर दिया। प्रेमी नीतीश कुमार ने शादी के दबाव से नाराज होकर स्कूल में बुलाकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राजेश्वरी थाना क्षेत्र में हुए चर्चित युवती हत्याकांड का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में युवती का प्रेमी ही उसका हत्यारा निकला। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू और खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। इस त्वरित कार्रवाई के बाद पुलिस की कार्यशैली की इलाके में चर्चा हो रही है।

मामला राजेश्वरी थाना क्षेत्र के चरनै गांव का है, जहां मंगलवार को 19 वर्षीय वंदना कुमारी की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। युवती का शव गांव के एक स्कूल परिसर से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुपौल पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस ने तत्काल विशेष टीम का गठन किया।

एसपी के निर्देश पर त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विभाष कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान के साथ-साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर तेजी से जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिसके बाद संदेह के आधार पर आरोपी युवक नीतीश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नीतीश कुमार और मृतका वंदना कुमारी के बीच पिछले कई महीनों से प्रेम संबंध था। इस दौरान युवती आरोपी पर शादी करने का दबाव बना रही थी, लेकिन युवक फिलहाल शादी नहीं करना चाहता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद हो रहा था। पुलिस के अनुसार शादी के दबाव से नाराज होकर आरोपी ने युवती की हत्या की साजिश रची।

बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन आरोपी ने वंदना कुमारी को उसके घर के पास स्थित स्कूल में मिलने के लिए बुलाया। वहां दोनों के बीच बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आरोपी ने चाकू से हमला कर युवती की गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी कर हत्या में प्रयुक्त चाकू और घटना के समय पहने गए खून से सने टी-शर्ट को बरामद कर लिया। बरामद सामान को पुलिस ने जांच के लिए जब्त कर लिया है। एसपी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

इस मामले के खुलासे के बाद पुलिस ने दावा किया है कि बेहद कम समय में वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे हत्याकांड का सफल उद्भेदन कर लिया गया। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है, जबकि मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]