सुपौल: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर सिमराही में प्रबुद्ध नागरिक सम्मान कार्यक्रम, भाजपा ने गिनाईं जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर सिमराही में भाजपा नेताओं ने वरिष्ठ समाजसेवी धनश्याम लाल माधोडिया को सम्मानित किया। इस दौरान केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी देते हुए नागरिकों से संवाद स्थापित किया गया।

Report: A.K Chaudhary

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे “12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” जनसंपर्क अभियान के तहत शुक्रवार को जिले के राघोपुर प्रखंड के सिमराही नगर में प्रबुद्ध नागरिक सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने वरिष्ठ समाजसेवी एवं व्यवसायी धनश्याम लाल माधोगरिया के आवास पहुंचकर उनका सम्मान किया तथा केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषि देव, नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सचिन माधोगरिया सहित अन्य पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने धनश्याम लाल माधोगरिया को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। नेताओं ने उन्हें समाज सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज के प्रबुद्ध और जागरूक नागरिक राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से संबंधित पत्रक वितरित किए और लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया। साथ ही आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी साझा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषि देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण और जनसेवा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों और योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों गरीब परिवारों को पक्का घर मिला है, जबकि आयुष्मान भारत योजना ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य किया है। इसके अलावा प्रधानमंत्री जनधन योजना के जरिए करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है तथा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।

नरेंद्र ऋषि देव ने कहा कि भारत आज विश्व मंच पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में केंद्र सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने नागरिकों से सरकार की योजनाओं का लाभ लेने तथा राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न समसामयिक विषयों पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने सामाजिक समरसता, स्वावलंबन और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।

मौके पर नगर महामंत्री प्रशांत वर्मा, राजकुमार पोद्दार, जिलामंत्री स्मृति कुमारी, विजय मंडल, रमण झा, अरुण कुमार सिंह, चंदन गुप्ता, रंजीत कुमार, अभय जैन, प्रशांत झा सहित भाजपा के अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Comment

[democracy id="1"]